Home » Uncategorized » जोल्हूपुर फ्लाईओवर बनने का रास्ता साफ, 987 मीटर लंबे प्रोजेक्ट से जाम और हादसों पर लगेगी लगाम

जोल्हूपुर फ्लाईओवर बनने का रास्ता साफ, 987 मीटर लंबे प्रोजेक्ट से जाम और हादसों पर लगेगी लगाम

जालौन। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जोल्हूपुर मोड़ की पहचान अब केवल जाम और सड़क दुर्घटनाओं के लिए नहीं रहेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही मांग पर आखिरकार एनएचएआई ने 987 मीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। मंगलवार को एनएचएआई और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया तथा परियोजना क्षेत्र की नापजोख कर पेड़ों का आकलन शुरू किया।
जोल्हूपुर मोड़ चौराहा हमीरपुर रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाला प्रमुख यातायात केंद्र है। यहां दिनभर भारी वाहनों से लेकर छोटे वाहनों तक की आवाजाही बनी रहती है, जिसके चलते अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इसके अलावा आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं ने भी इस चौराहे को संवेदनशील बना दिया है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण को क्षेत्र के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
एनएचएआई के सिक्स लेन हाईवे विस्तार प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित फ्लाईओवर पूर्व मंत्री के पेट्रोल पंप के पास से शुरू होकर मोतीनगर गांव के निकट समाप्त होगा। इसकी कुल लंबाई 987 मीटर निर्धारित की गई है, जिससे चौराहे पर वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।
एनएचएआई के अधिकारी इंग्लेश शर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर और हाईवे चौड़ीकरण के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण किया जा रहा है। परियोजना क्षेत्र में आने वाले पेड़ों का विवरण वन विभाग से मांगा गया है, ताकि आगे की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।
वहीं वन दरोगा अजीत यादव ने बताया कि हाईवे विस्तार की जद में वन विभाग के लगभग 50 पेड़ सहित अन्य पेड़ भी आ रहे हैं। उनका आकलन कर एक-दो दिन में रिपोर्ट एनएचएआई को सौंप दी जाएगी।
फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में उत्साह है। लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद जोल्हूपुर चौराहे पर वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

72 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *