Home » Uncategorized » गरीबों के राशन पर डाका पड़ा भारी, उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति निलंबित

गरीबों के राशन पर डाका पड़ा भारी, उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति निलंबित

गरीबों के राशन पर डाका पड़ा भारी, उचित दर विक्रेता की दुकान की आपूर्ति निलंबित

कोंच/जालौन। राशन वितरण में अनियमितताओं और लाभार्थियों से दुर्व्यवहार की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बरौदा कलां के उचित दर विक्रेता की दुकान की खाद्यान्न आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बाधित कर दी है।
जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कुल 41 राशनकार्डधारकों के बयान दर्ज किए। सभी लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि ई-पॉस मशीन पर आधार प्रमाणीकरण कराने के बावजूद उन्हें निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता था। कई लोगों ने विक्रेता द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई।
मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया जब ग्राम बरौदा कलां निवासी जगजीवन की पत्नी के राशन कार्ड पर 31 मई 2026 को कम तौल की शिकायत सामने आई। आरोप है कि लाभार्थी द्वारा वीडियो बनाने पर विक्रेता के नाती अंकित ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और अंगूठा लगने के बाद भी राशन नहीं दिया गया।
प्रशासनिक जांच में भौतिक सत्यापन के दौरान भी गंभीर विसंगतियां पाई गईं। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर उचित दर विक्रेता मंशाराम की दुकान की खाद्यान्न आपूर्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई।
लाभार्थियों को राशन वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए ग्राम पंचायत चमेड़ के उचित दर विक्रेता शिवाकांत की दुकान से राशन वितरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने विक्रेता मंशाराम को 15 दिनों के भीतर सभी साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर दुकान के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गरीबों के हक के राशन में किसी भी प्रकार की हेराफेरी या लाभार्थियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

104 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *