Home » Uncategorized » अवैध खनन व परिवहन पर सख्त कार्रवाई, 33 वाहनों पर कार्यवाही, 20 निरुद्ध

अवैध खनन व परिवहन पर सख्त कार्रवाई, 33 वाहनों पर कार्यवाही, 20 निरुद्ध

झांसी, 03 जून 2026।
जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया गया, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। एक सप्ताह तक चले विशेष अभियान के दौरान कई वाहनों और खदानों पर कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने खनिज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि उपखनिज के अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनपद में अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाना है। इसके लिए ओवरलोडिंग वाले क्षेत्रों में नाका लगाकर एमएम-11 की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत 26 मई 2026 से 02 जून 2026 तक कुल 06 स्वीकृत खदानों की जांच की गई, जिनमें से 02 खदानों में अवैध खनन पाए जाने पर संबंधित पट्टाधारकों को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा अवैध परिवहन में संलिप्त 33 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनमें से 20 वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध किया गया।

ई-चालान की कार्रवाई में 13 वाहनों से कुल 3,26,770 रुपये की शास्ति वसूली गई। साथ ही तहसील गरौठा के ग्राम धनौरा में अवैध भंडारण पाए जाने पर थाना ककरवई में तथा प्रतिबंधित मशीन से खनन के मामले में थाना मऊरानीपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट, डबल नंबर प्लेट या गंदी/त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बिना वैध एमएम-11 के बालू परिवहन को अवैध मानते हुए चालान एवं वाहन सीज करने के निर्देश भी दिए गए।

अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जनपद में प्रमुख मार्गों पर चेकगेट स्थापित किए गए हैं। ये चेकगेट झांसी-कानपुर हाईवे (पूंछ), गुरसराय-कोटरा मार्ग, बड़ा गांव (सेमरी टोल प्लाजा के निकट) तथा खैलार (बबीना टोल प्लाजा के निकट) पर संचालित हैं। सभी चेकगेट पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ओवरलोडिंग और अवैध खनन की निगरानी की जा रही है।

अभियान के दौरान वरिष्ठ खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह, खान इंस्पेक्टर अमित कुमार एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

70 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *