Home » Uncategorized » बुंदेलखंड राज्य आंदोलन तेज करने का ऐलान, सांसद-विधायकों के पुतले जलाने सहित चार प्रस्ताव पारित

बुंदेलखंड राज्य आंदोलन तेज करने का ऐलान, सांसद-विधायकों के पुतले जलाने सहित चार प्रस्ताव पारित

झांसी
“मोर्चा जो कहता है, वह करता है। राज्य निर्माण के लिए हर संघर्ष स्वीकार है—चाहे जेल जाना पड़े या कठोर धाराएं लगें।” यह बात बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष भानु सहाय एडवोकेट ने कोर कमेटी की बैठक में कही।


बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक में राज्य आंदोलन को तेज करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। हाल ही में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं रक्षामंत्री के पुतले फूंकने के मामले में जेल भेजे गए मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय एडवोकेट का बैठक में अभिनंदन किया गया।

बैठक में चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहले प्रस्ताव के तहत अखंड बुंदेलखंड क्षेत्र के नौ सांसदों और 56 विधायकों के सामूहिक पुतले जलाने का निर्णय लिया गया। दूसरे प्रस्ताव में तय हुआ कि गर्मी कम होते ही बुंदेलखंड के सभी लोकसभा क्षेत्रों में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री, सांसदों एवं विधायकों को खून से पत्र लिखे जाएंगे तथा मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो हजार ‘बुंदेली योद्धाओं’ को बैज लगाकर तैयार किया जाएगा।

तीसरे प्रस्ताव के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में तीन माह के भीतर दस-दस हजार लोगों से बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में जनमत संग्रह कराया जाएगा। इसके साथ ही ‘हर घर से दो हाथ’ सदस्यता अभियान बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा।

चौथे प्रस्ताव में आंदोलन संचालन के लिए आर्थिक संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में ही बुंदेलखंड क्रांति दल के अध्यक्ष कुंवर सतेंद्रपाल सिंह ने 1100 रुपये का सहयोग प्रदान किया और नियमित आर्थिक सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं फूलचंद्र जैन एडवोकेट ने 151 रुपये की सहयोग राशि भेंट की।

अपने संबोधन में भानु सहाय ने कहा कि आंदोलन को जनसमर्थन मिल रहा है और संगठन अपने वादों पर खरा उतरता है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने हर प्रकार के उत्पीड़न को सहने का संकल्प लिया है और राज्य निर्माण के लिए हर संघर्ष जारी रहेगा। अंत में उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ, अधिवक्ताओं और बुंदेली योद्धाओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में महामंत्री अशोक सक्सेना, प्रवक्ता रघुराज शर्मा, कोषाध्यक्ष वरुण अग्रवाल, गिरजा शंकर राय, रामकुमार खरे, नरेश शर्मा, उत्कर्ष साहू, हनीफ खान, रामजी सिंह पारीछा, प्रदीप नाथ झा, रजनीश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला अधिवक्ता संघ झांसी के अधिवक्ताओं ने भी भानु सहाय को समर्थन दिया।

86 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *