Home » Uncategorized » तीतरा की धरती पर क्रिकेट का महाकुंभ, सैंडी इलेवन बनी चैंपियन!

तीतरा की धरती पर क्रिकेट का महाकुंभ, सैंडी इलेवन बनी चैंपियन!

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले – खेल से निखरता है व्यक्तित्व, ग्रामीण युवाओं को मिल रही नई उड़ान

कोंच (जालौन)। माधोगढ़ विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन द्वारा तीतरा खलीलपुर स्थित एमएसडी महाविद्यालय मैदान में आयोजित माधोगढ़ विधानसभा प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार रात खेला गया। खेल, राजनीति और जनसमर्थन के संगम बने इस भव्य आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने मैदान में पहुंचकर फाइनल मुकाबला खेल रही प्रधान इलेवन जालौन और सैंडी इलेवन कोंच की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, टॉस कराया तथा राष्ट्रगान के साथ मुकाबले की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में ऐसे टूर्नामेंट महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास की प्रयोगशाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच है कि भारत युवा शक्ति का देश बने और गांवों के युवा खेलों के माध्यम से अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि माधोगढ़ विधानसभा से खेल संस्कृति की जो सकारात्मक लहर उठी है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के कई खेल आयोजनों में शामिल होने के बावजूद इतना शानदार आयोजन उन्होंने पहली बार देखा है।
क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने सभी अतिथियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से ही इतना बड़ा आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता का भरोसा भाजपा के साथ है, जिसकी झलक आगामी विधानसभा चुनाव 2827 में भी देखने को मिलेगी।
इससे पूर्व आयोजन समिति प्रमुख आशु निरंजन के नेतृत्व में पूरी टीम ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान एवं अन्य अतिथियों का माल्यार्पण, चांदी का मुकुट पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का सिक्कों एवं फलों से तुलादान भी किया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा .घनश्याम अनुरागी, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, पूर्व विधायक कालपी नरेंद्र सिंह जादौन, केशव सिंह सेंगर, राजेश सिंह सेंगर, झांसी जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, अरविंद चौहान, रामकिशोर साहू, संजीव उपाध्याय, अनिल यादव, नागेंद्र गुप्ता, उदयन पालीवाल, पालिकाध्यक्ष कोंच प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

इंसेट : सैंडी इलेवन ने जीता खिताब, अर्जुन की तूफानी पारी बनी जीत की कुंजी

फाइनल मुकाबले में प्रधान इलेवन जालौन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 118 रन बनाए और सैंडी इलेवन कोंच के सामने जीत के लिए 119 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में सैंडी इलेवन के बल्लेबाज अर्जुन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को एक ओवर शेष रहते जीत दिला दी और सैंडी इलेवन ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने विजेता सैंडी इलेवन को 1 लाख 51 हजार रुपये तथा उपविजेता प्रधान इलेवन को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि की चेक प्रदान की। मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रधान इलेवन के खिलाड़ी पवन राजावत को दिया गया, जिन्हें ई-बाइक, शील्ड एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अनूप कुशवाहा को बेस्ट बॉलर, पवन राजावत को बेस्ट बैट्समैन तथा शिव सक्सेना को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच अर्जुन सहित दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को भी शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

बाइट :- पंकज चौधरी प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री भारत सरकार

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

54 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *