Home » Uncategorized » नियम-कानून ठेंगे पर! बिना अनुमति खड़ा हो गया पूरा कोल्ड स्टोर, अमोनिया कांड के बाद खुली सिस्टम की पोल

नियम-कानून ठेंगे पर! बिना अनुमति खड़ा हो गया पूरा कोल्ड स्टोर, अमोनिया कांड के बाद खुली सिस्टम की पोल

नियम-कानून ठेंगे पर! बिना अनुमति खड़ा हो गया पूरा कोल्ड स्टोर, अमोनिया कांड के बाद खुली सिस्टम की पोल

जिलाधिकारी के आदेश पर कोल्ड स्टोर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अमोनिया गैस रिसाव में ऑपरेटर अनूप बुरी तरह झुलसा था

बिना अनुमति खड़ी कर दी गई करोड़ों की बिल्डिंग

जालौन :-कोंच एट रोड स्थित अंडा गांव के पास बने ओम नमः शिवाय कोल्ड स्टोर में हुए अमोनिया गैस रिसाव कांड ने अब पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस कोल्ड स्टोर में गैस रिसाव से ऑपरेटर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, अब उसी कोल्ड स्टोर के निर्माण और संचालन में भारी अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि करोड़ों रुपये की विशाल बिल्डिंग बिना अनुमति के ही खड़ी कर दी गई और प्रशासन को भनक तक नहीं लगी। इतना ही नहीं, बिना वैधानिक अनुमति के किसानों की उपज का भंडारण भी बड़े स्तर पर किया जा रहा था।
मामला तब खुलकर सामने आया जब जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान आज कोंच कोतवाली पहुंचे और कोल्ड स्टोर संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
दरअसल, 26 मई की सुबह ओम नमः शिवाय कोल्ड स्टोर में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। जहरीली गैस की चपेट में आकर मैनपुरी निवासी 28 वर्षीय ऑपरेटर अनूप कुमार गंभीर रूप से झुलस गया था। हादसे के बाद कोल्ड स्टोर परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई थी। कर्मचारी और किसान जान बचाकर भागते नजर आए थे।
गनीमत यह रही कि समय रहते हालात पर काबू पा लिया गया, वरना यह हादसा कई लोगों की जान ले सकता था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच एडीएम वित्त राजीव राज को सौंपी थी। बुधवार को एडीएम ने मौके पर पहुंचकर बिंदुवार जांच की और अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान ने ओम नमः शिवाय कोल्ड स्टोर के मालिक नाम-पता अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 107/26 धारा 9(1) उत्तर प्रदेश कोल्ड स्टोरेज विनियमन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करा दी।
एफआईआर में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सामने आया है कि कोल्ड स्टोर निर्माण की अनुमति तक नहीं ली गई थी, इसके बावजूद विशाल भवन बनकर तैयार हो गया और संचालन भी शुरू कर दिया गया। इतना ही नहीं, सुरक्षा मानकों को भी पूरी तरह ताक पर रखकर अमोनिया जैसे खतरनाक रसायन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बिना अनुमति इतना बड़ा कोल्ड स्टोर कैसे बन गया? किसके संरक्षण में यह अवैध निर्माण और संचालन चलता रहा? और जिम्मेदार विभाग इतने दिनों तक आखिर आंखें मूंदे क्यों बैठे रहे?

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

40 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *