झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन 31 मई को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कराया जाएगा। परीक्षा में 4928 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना प्रवेश पत्र, उसकी फोटोयुक्त प्रति और वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल न होने दिया जाए। कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र की फोटोयुक्त प्रति अनिवार्य रूप से जमा कराएंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित हैं, जबकि गलत उत्तर पर कुल अंक का एक-तिहाई भाग काटा जाएगा। अनुत्तरित प्रश्न पर कोई अंक नहीं मिलेगा। सभी अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति भी सुनिश्चित कराई जाएगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे वॉइस रिकॉर्डर सहित अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। मोबाइल फोन, एंड्राइड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र के अंदर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही ली जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों पर विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में धरना-प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा और बिना अनुमति लाउडस्पीकर के प्रयोग पर रोक रहेगी। साथ ही फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रखी जाएंगी। परीक्षा के दौरान जनपद में धारा 163 प्रभावी रहेगी।
संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। दोनों पालियों में 4928-4928 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
बैठक में एसपी सिटी प्रीति सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश कुमार, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
