समाधान दिवस में 105 शिकायतें प्राप्त, पांच का मौके पर निस्तारण।
मोंठ = तहसील सभागार मोंठ में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ला ने की। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक 52 शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं। इसके अलावा विकास विभाग की 14, पुलिस विभाग की 17 तथा अन्य विभागों की 22 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए भेजा गया।
अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनसमस्याओं का निस्तारण पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही, शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने के उद्देश्य से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के निस्तारण का प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारी इसे पूरी गंभीरता के साथ लें और प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी, क्षेत्राधिकारी मोंठ अजय श्रोतिय, तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार,सर्किल के थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
