मिशन शक्ति अभियान से महिलाएं और बालिकाएं हो रही सशक्त: सीओ अजय श्रोतिय
मोंठ= उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करना है।
सीओ मोंठ अजय श्रोतिय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा कर रहा है। इसके माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी मिल रही है, जिससे वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने में सक्षम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा है।
सीओ ने बताया कि मिशन शक्ति के चलते महिला अपराधों में लगातार कमी आ रही है। अब महिलाएं निर्भय होकर अपने कामों के लिए बाहर निकल रही हैं। पुलिस प्रशासन हर समय महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। इसके लिए थाना स्तर पर महिला हेल्प डेस्क, बीट पुलिसिंग और गश्त बढ़ाई गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हर वर्ग को मिशन शक्ति अभियान से जुड़ना चाहिए ताकि एक सुरक्षित और सशक्त समाज की स्थापना हो सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को आत्मरक्षा के लिए प्रोत्साहित करें। मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सोच और समाज की मानसिकता में सकारात्मक बदलाव ला रहा है, जिससे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम हो रही है।
