Home » Uncategorized » झांसी में डीएम गौरांग राठी की अनोखी पहल: अब मिलेट्स फास्ट फूड कैफे में मिलेगा स्वाद और सेहत का शानदार संगम

झांसी में डीएम गौरांग राठी की अनोखी पहल: अब मिलेट्स फास्ट फूड कैफे में मिलेगा स्वाद और सेहत का शानदार संगम

झांसी। मोटे अनाज (मिलेट्स) को लोगों की थाली तक पहुंचाने और स्वस्थ खानपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी की पहल पर एक अनोखे मिलेट्स फास्ट फूड कैफे की शुरुआत की गई है। इस कैफे में लोगों को स्वादिष्ट और पौष्टिक मिलेट्स आधारित व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वाद का भी भरपूर आनंद देंगे।
कैफे के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने इन उत्पादों को तैयार करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मिलेट्स को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इस विशेष कैफे में मिलेट्स आइसक्रीम, डोसा, इडली, मंचूरियन, मोमोज समेत कई आकर्षक फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध हैं। इन व्यंजनों को पारंपरिक मोटे अनाज से तैयार किया गया है, जिससे लोगों को स्वाद के साथ बेहतर पोषण भी मिल सकेगा।
डीएम गौरांग राठी ने कहा कि आज के दौर में फास्ट फूड का चलन तेजी से बढ़ा है। ऐसे में यदि लोगों को स्वास्थ्यवर्धक विकल्प उपलब्ध कराए जाएं तो वे बेहतर खानपान की ओर आकर्षित होंगे। मिलेट्स न केवल पोषक तत्वों से भरपूर हैं बल्कि कई बीमारियों से बचाव में भी सहायक माने जाते हैं।
कैफे के शुभारंभ के दौरान मौजूद लोगों ने भी मिलेट्स से बने व्यंजनों का स्वाद लिया और इसकी सराहना की। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वाद, सेहत और स्वरोजगार का यह अनूठा संगम झांसी में मिलेट्स क्रांति को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

78 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *