मोंठ (झांसी)। पूंछ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सांई कुआं हाईवे के पास स्थित एक होटल के पास प्रेमी-प्रेमिका के मिलने की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया। प्रेमिका के दर्जनों परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया और उसे बंधक बनाकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की मां को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रेमिका के परिजनों को शक था कि युवक उनकी बेटी को होटल में लेकर आया है। इसी शक के आधार पर परिजन बड़ी संख्या में होटल पहुंच गए। वहां युवक और युवती को पकड़ने के बाद युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की मां जब उसे बचाने पहुंची तो उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की गई।
होटल संचालक ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका होटल के पीछे की ओर मौजूद थे, जहां उन्हें परिजनों ने पकड़ लिया। घटना के बाद होटल संचालक ने पूंछ पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस मामले में पूंछ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
