डीएचओ का बड़ा एक्शन — कोल्ड स्टोर खाली करने का आदेश, निर्माण कार्य भी रुका
जालौन में अमोनिया गैस रिसाव कांड के बाद अब प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कोंच-एट रोड पर अंडा गांव के पास स्थित ओम नमः शिवाय कोल्ड स्टोर पर अब सीलिंग की तलवार लटकती नजर आ रही है। जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) ने कोल्ड स्टोर संचालकों को तत्काल प्रभाव से कोल्ड स्टोर खाली करने के निर्देश दे दिए हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कोल्ड स्टोर को सील करने की दिशा में उठाया गया बड़ा प्रशासनिक कदम है।
गौरतलब है कि 26 मई को कोल्ड स्टोर में जहरीली अमोनिया गैस रिसाव की घटना में ऑपरेटर अनूप कुमार गंभीर रूप से झुलस गया था। हादसे के बाद पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं तो निर्माण और संचालन में भारी अनियमितताएं सामने आने लगीं। आरोप है कि बिना वैध अनुमति के विशाल इमारत खड़ी कर दी गई और बड़े पैमाने पर किसानों की उपज का भंडारण भी शुरू कर दिया गया था, जबकि सुरक्षा मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान ने कोल्ड स्टोर संचालकों के खिलाफ कोंच कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर दर्ज होते ही वहां चल रहा निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया। इतना ही नहीं, किसानों द्वारा माल रखने का सिलसिला भी थम गया है।
अब शुक्रवार को डीएचओ द्वारा कोल्ड स्टोर खाली कराने के आदेश ने साफ संकेत दे दिए हैं कि प्रशासन इस मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान ने स्पष्ट कहा है कि संचालकों को तत्काल कोल्ड स्टोर खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं। यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो विभाग अपने स्तर से अगली वैधानिक कार्रवाई करेगा।
सूत्रों की मानें तो प्रशासन अब इस पूरे मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालन जैसे गंभीर बिंदुओं पर जांच तेज कर चुका है। अमोनिया गैस रिसाव की घटना ने न सिर्फ एक कर्मचारी की जिंदगी को खतरे में डाला, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे कितनी बड़ी कार्रवाई करता है।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321
