जालौन/कोंच। कोंच क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब निर्माणाधीन परियोजनाएं भी उनके निशाने पर आ गई हैं। ताजा मामला अण्डा गांव के पास स्थित एक निर्माणाधीन ग्रेडिंग प्लांट का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में धावा बोलकर दो जनरेटरों के अल्टीनेटर से कीमती कॉपर फील्ड चोरी कर लिए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अण्डा निवासी राजकिशोर निरंजन अपने खेत में कोंच-एट रोड पर ग्रेडिंग प्लांट का निर्माण कार्य करा रहे हैं। निर्माण स्थल पर बिजली आपूर्ति के लिए दो जनरेटर सेट रखे गए थे। आरोप है कि 27 मई की रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और दोनों जनरेटरों को निशाना बनाते हुए उनके अल्टीनेटर से कॉपर फील्ड निकालकर फरार हो गए।
सुबह जब राजकिशोर निरंजन निर्माण स्थल पर पहुंचे तो जनरेटर खुले पड़े मिले और उनके महत्वपूर्ण पुर्जे गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को अवगत कराया।
पीड़ित का कहना है कि चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जनरेटरों के आवश्यक पुर्जे चोरी हो जाने से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने सागर चौकी में शिकायती पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
मामले की लिखित शिकायत सागर चौकी प्रभारी सुमित पाण्डे को भी सौंपी गई है। वहीं कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल: आखिर कितने सुरक्षित हैं निर्माण स्थल?
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माणाधीन स्थलों पर लाखों रुपये के उपकरण और मशीनें रखी जाती हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरों पर शिकंजा नहीं कसा गया तो क्षेत्र में अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इन शातिर चोरों तक पुलिस कब पहुंचती है और चोरी गया सामान कब तक बरामद हो पाता है।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321
