खेत में पानी देते समय करंट लगने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
मोंठ= बुधवार देर शाम खेत में पानी देते समय विद्युत करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा के मातनपुरा निवासी हरिशंकर कुशवाहा की पत्नी रामलली (35) बुधवार शाम 7 बजे अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रही थीं। इसी दौरान वह खेत में फैले विद्युत तार अथवा मोटर में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल बना रहा।
मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई हैं। उनकी 14 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र हैं। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी तथा कस्बा इंचार्ज उप निरीक्षक रजनीकांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
कस्बा इंचार्ज उप निरीक्षक रजनीकांत ने बताया कि परिजनों ने मृतिका का पीएम न कराने के लिए लिखित में दिया है।
