Home » Uncategorized » झांसी: सूचना विभाग का स्वर्णिम इतिहास, लखनऊ में पहला मोबाइल कनेक्शन 1996 में

झांसी: सूचना विभाग का स्वर्णिम इतिहास, लखनऊ में पहला मोबाइल कनेक्शन 1996 में

झांसी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व अधिकारियों के संगठन “रिटायर्ड इन्फॉर्मेशन जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन” के पहले सम्मान समारोह में विभाग के गौरवशाली इतिहास और योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का आयोजन सूचना भवन ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें पूर्व सूचना निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी रोहित नंदन ने बताया कि देश में मोबाइल फोन की शुरुआत वर्ष 1995 में हुई थी, जबकि लखनऊ में पहला मोबाइल कनेक्शन जुलाई 1996 में सूचना निदेशक के नाम दर्ज हुआ। इसी तरह इंटरनेट का पहला कनेक्शन भी सूचना विभाग के नाम पर लिया गया था। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग सरकार की “आंख और कान” की तरह काम करता रहा है और तकनीक व लेखनी के समन्वय से आज भी अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए है।

उन्होंने बताया कि सूचना निदेशक के रूप में उनका कार्यकाल सबसे लंबा रहा और इस पद की गरिमा इसके प्रभाव से जुड़ी होती है। विभाग के कार्यों से ही सरकार की छवि बनती है, जिसे बेहतर रूप देना आसान नहीं होता।

पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने कई बड़े पदों पर काम किया, लेकिन सूचना निदेशक के रूप में बिताया समय सबसे यादगार रहा। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि बजट के दौरान प्रेस विज्ञप्ति में दर्ज एक तथ्य पर विधानसभा में बहस हुई, जिसे बाद में सरकार ने स्वीकार किया। इससे सूचना विभाग की विश्वसनीयता और प्रभाव स्पष्ट होता है।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राघवेंद्र कुमार ने कहा कि सूचना विभाग ने न्यायपालिका से जुड़े कार्यों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे आम लोगों में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।

इस अवसर पर एसोसिएशन की पत्रिका “रिज़वा” का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में रोहित नंदन को अशोक प्रियदर्शी स्मृति सूचना सम्मान और अनूप चंद्र पांडेय को उमेश कुमार सिंह चौहान स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह में विभाग के अन्य पूर्व अधिकारियों—विजय राय, राजगोपाल सिंह वर्मा, हामिद अली खां, ज्ञानवती, फौजदार माली, दिनेश सहगल, अशोक कुमार शर्मा, अशोक बनर्जी, अमजद हुसैन, शिव प्रसाद भारती और दशरथ प्रसाद यादव को भी सम्मानित किया गया।

78 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *