मोंठ सीएचसी में एनसीडी नियंत्रण को लेकर कार्यशाला, स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश।
मोंठ= सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ में गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक तथा प्रशिक्षण कार्यशाला अधीक्षक डॉ. एमपी राजपूत की अध्यक्षता में हुई।इसमें मोंठ और चिरगांव ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन के राज्य परामर्शदाता डॉ. योगेश यादव तथा जिला परामर्शदाता वैभव खरे ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की नियमित जांच बढ़ाई जाए तथा रोगियों के अनुवर्ती परीक्षण और उपचार की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। प्रशिक्षण में बताया गया कि देश में 66 प्रतिशत मृत्यु गैर संचारी रोगों के कारण होती हैं, जिनमें हृदय रोग और मधुमेह प्रमुख हैं।
रोगी पंजिका के सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए रोग के अनुसार रंग आधारित वर्गीकरण प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सप्ताह में दो दिन एनसीडी शिविर आयोजित करने तथा आगामी तीन माह की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
इस अवसर पर डॉ संकुल तिवारी,बीपीएम धीरज किशोर गुप्ता, बीसीपीएम राजेश सिंह, एनसीडी परामर्शदाता वासुदेव गोस्वामी, डाटा प्रविष्टि ऑपरेटर मनोज बादल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
