राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतिम दिन ग्रामीणों को किया जागरूक।
मोंठ = राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतिम दिन सोमवार को मोंठ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया। अभियान का नेतृत्व फायर स्टेशन प्रभारी कृष्ण कुमार ने किया। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम गांवों में पहुंची और ग्रामीणों को आग लगने की घटनाओं से बचाव के उपाय बताए।
टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि गर्मी के मौसम में खेतों, खलिहानों और घरों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। किसानों से कहा गया कि फसल अवशेष जलाने से बचें तथा खेतों के आसपास पानी और मिट्टी की व्यवस्था रखें। वहीं महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, चूल्हे और बिजली उपकरणों के सावधानीपूर्वक इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना देने और प्राथमिक स्तर पर बालू, पानी या अग्निशमन यंत्र का उपयोग करने के तरीके भी बताए। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही आग से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। इस मौके पर ग्रामीणों ने भी अभियान की सराहना की और सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
