मोंठ में किसानों को फसल बीमा राशि वितरित, योजना को बताया सुरक्षा कवच
मोंठ सोमवार को नवीन तहसील सभागार में कृषि विभाग की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कार्यक्रम पांच किसानों को कुल 2,49,535 रुपये की फसल बीमा राशि वितरित की गयी। गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने किसानों को फसल बीमा की चेक दी और योजना के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
विधायक ने कहा कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि व सूखा जैसी परिस्थितियों में फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे किसानों को संकट के समय राहत मिलती है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। योजनाओं का लाभ सीधे किसानों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है। विधायक ने विभिन्न राज्यों में हाल ही में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए इसे सुशासन और जनविश्वास की जीत बताया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों से समय से पंजीकरण कराने और अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, भजपा नेता कपिल मुदगिल, एसएमएस नरेंद्र नायक, गोदाम प्रभारी गौरव स्वर्णकार राजेंद्र सेंगर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
इन किसानों को मिली बीमा राशि
खूजा निवासी द्वारिका प्रसाद को 23,402 रुपये, पावई के दीपक दांगी को 82,238 रुपये, ग्राम सेना के कौशल किशोर को 10,239 रुपये, पनारी के ज्ञान सिंह को 37,242 रुपये तथा ग्राम परगहना के कालीचरण को 96,414 रुपये की बीमा राशि वितरित की गई।
