Home » Uncategorized » अवैध खनन रोकने को प्रशासन सख्त, नदी मार्ग पर खुदवाई सुरक्षा खाई।

अवैध खनन रोकने को प्रशासन सख्त, नदी मार्ग पर खुदवाई सुरक्षा खाई।

अवैध खनन रोकने को प्रशासन सख्त, नदी मार्ग पर खुदवाई सुरक्षा खाई।

मोंठ =तहसील क्षेत्र में अवैध खनन की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी के निर्देश पर थाना शाहजहांपुर क्षेत्र के ग्राम तालौड़ में नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर जेसीबी मशीन से सुरक्षा खाई खुदवाई गई, ताकि ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से होने वाले अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में कुछ लोगों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध खनन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर मौके का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत नदी तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्ते को बाधित करते हुए सुरक्षा खाई खोद दी गई, जिससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो सके।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
इस कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी शाहजहांपुर सत्य प्रकाश शर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप की स्थिति मची हुई है।

25 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *