Home » Uncategorized » समथर — नगर के समीप से निकली बेतवा नहर में नहाते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया, तलाश जारी

समथर — नगर के समीप से निकली बेतवा नहर में नहाते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया, तलाश जारी

समथर — नगर के समीप से निकली बेतवा नहर में नहाते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया । नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी सोनू जाटव उम्र करीब 33 बर्ष मंगलवार को दोपहर अपने चचेरे भाइयों के साथ मोठ रोड स्थित बेतवा नहर में नहाने गया था । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक नहर में नहा रहे थे, तभी अचानक पानी का तेज बहाव आ गया । तेज बहाव को देखकर सोनू ने अपने चचेरे भाइयों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया और उन्हें बचाने में सफल भी रहा, लेकिन खुद पानी के तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते वह लोगों की आंखों से ओझल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई । आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी । सूचना मिलते ही समथर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी। पुलिस और गोताखोर देर शाम तक नहर में युवक की खोजबीन में जुटे रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका ।
जानकारी के अनुसार सोनू अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था । वर्ष 2017 में उसकी शादी हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। हालांकि करीब दो वर्ष पहले पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के चलते तलाक हो गया था, लेकिन दोनों बच्चे सोनू के साथ ही रहते थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।

वहीं मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम मोठ अवनीश तिवारी ने नहर का पानी कम कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए हैं, ताकि युवक की तलाश में किसी प्रकार की बाधा न आए। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

132 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *