साड़ी पहिए में फंसने से बाइक से गिरी महिला, चार वर्षीय पुत्र भी घायल।
मोंठ= थाना मोंठ क्षेत्र के ग्राम सेमरी के पास सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे एक सड़क हादसे में महिला और उसका चार वर्षीय पुत्र घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में झांसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार निवाड़ी निवासी रजनीकांत अपनी पत्नी रागनी 30 साल और चार वर्षीय पुत्र कृष्णा के साथ मोटरसाइकिल से पिरोना के चांदनी गांव जा रहे थे। जब उनकी बाइक थाना मोंठ क्षेत्र के ग्राम सेमरी के पास पहुंची, तभी रागनी की साड़ी अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गई।
साड़ी फंसते ही संतुलन बिगड़ गया और रागनी अपने पुत्र कृष्णा सहित सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों को उपचार के लिए मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रागनी और कृष्णा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
