रोडवेज बस की टक्कर से कार सवार महिला घायल।
मोंठ= थाना क्षेत्र के बम्हरौली हाईवे कट के पास मंगलवार को रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में कार सवार एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोंठ में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, संतकबीर नगर जनपद के ग्राम घटरमा निवासी अब्दुल हलीम चौधरी अपने परिवार के साथ मुंबई में रहकर काम करते हैं। मंगलवार को वह अपनी विटारा कार से परिवार सहित मुंबई से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बम्हरौली हाईवे कट के पास पहुंची, तभी कानपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस मोंठ कस्बे की ओर मुड़ने लगी। इसी दौरान बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में कार में सवार रेशमा खातून घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
घटना की सूचना मिलते ही मोंठ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
