कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना का चिन्हांकन शिविर 16 मई को मोंठ ब्लॉक सभागार में आयोजित होगा।
मोंठ= दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन शिविर का आयोजन 16 मई को सुबह 10 बजे से मोंठ ब्लॉक सभागार में किया जाएगा।
शिविर में पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर उनकी जरूरत के अनुसार उपकरणों के लिए चयन किया जाएगा।
ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) आयुषी नायक ने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले दिव्यांगजन अपने साथ दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा मोबाइल नंबर अवश्य लेकर आएं, ताकि पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने क्षेत्र के पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं और सरकार द्वारा संचालित इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
