दिसंबर तक तैयार हो सकता है खिरियाघाट सेतु, विधायक ने निर्माण कार्य का लिया जायजा।
मोंठ= क्षेत्रीय विधायक जवाहरलाल राजपूत ने शुक्रवार को खिरियाघाट पर निर्माणाधीन सेतु का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक एस.एम. चौहान ने विधायक को बताया कि पुल निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और अब तक आधे से अधिक काम पूरा हो चुका है। विधायक ने मौके पर मजदूरों की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई, जिस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।
विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बताया कि खिरियाघाट सेतु का निर्माण लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है। उन्होंने कहा कि पुल के अभाव में विधानसभा क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा दूसरे हिस्से से अलग-थलग पड़ जाता था, जिससे लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि वर्तमान गति से कार्य चलता रहा तो आगामी दिसंबर माह तक सेतु का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। पुल के बन जाने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी और आसपास के गांवों का संपर्क भी बेहतर होगा।
इस अवसर पर कपिल मुद्गिल, महेंद्र राजपूत, राजा बुंदेला, मुकेश राजपूत, दिनेश राजपूत और सौरभ दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।
