मोंठ हाइवे पर ट्रक का पहिया फटा, लगी आग; फायर बिग्रेड ने टाला बड़ा हादसा।
मोंठ= बीती रात मोंठ हाइवे पर एक ढाबे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ट्रक का एक पहिया अचानक फट गया और कुछ ही देर में वाहन में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही ढाबा पर रुके लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम ने तेजी और सतर्कता के साथ काम करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास खड़े अन्य वाहन तक आग पहुंच सकती थी, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका थी।
फायर स्टेशन प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि ट्रक के पहिए फटने से घर्षण और चिंगारी उठने के कारण आग लगी होगी।किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
