भोजला मंडी के क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
झांसी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में चल रही गेहूं खरीद की स्थिति का जायजा लेने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला खरीद अधिकारी वरुण कुमार पांडेय ने शनिवार को विशिष्ट मंडी भोजला स्थित क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के दो तथा भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र पर व्यवस्थाओं को परखा गया।
एडीएम ने केंद्र प्रभारियों से अब तक की खरीद की जानकारी ली और निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय रहकर अधिक से अधिक किसानों से गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को केंद्र से वापस न लौटाया जाए और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद में बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई इसमें लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ई-पॉस मशीन के माध्यम से पंजीकृत किसानों अथवा अधिकृत प्रतिनिधियों के बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर खरीद की प्रक्रिया की जांच की गई। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कांटों से हो रही तौल का सत्यापन भी किया गया। केंद्रों पर नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध पाए गए।
एडीएम ने निर्देश दिए कि खरीदे गए गेहूं को वर्षा से सुरक्षित रखा जाए तथा उसके संप्रदान (डिस्पैच) की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण की सुविधा केंद्रों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए लेखपालों एवं जनसेवा केंद्र संचालकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो सके।
जिला खरीद अधिकारी ने बताया कि 18 अप्रैल तक जनपद में 2071 किसानों से 13,455 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसके सापेक्ष 22 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने भुगतान को पीएफएमएस के माध्यम से किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में 72 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारियों विनय कुमार सिंह, राहुल शर्मा तथा पवनकांत मौजूद रहे। मंडी में पहुंचे किसानों ने बताया कि तिथि एवं क्रमवार तरीके से गेहूं की तौल की जा रही है और उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल, मंडी सचिव बबलू लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
