लोहागढ़। शुक्रवार को शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत लोहागढ़ में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी तथा स्वयं सहायता समूहों के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर पंजीकरण प्रक्रिया में भाग लिया।
शिविर में लगाए गए कैंप के माध्यम से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को बताया कि शासन की प्राथमिकता किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए फार्मर रजिस्ट्री एक अनिवार्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की रजिस्ट्री पूर्ण नहीं होगी, उन्हें भविष्य में मिलने वाली योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में दिक्कत आ सकती है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामकृपाल सिंह, पंचायत सचिव प्रदीप प्रजापति, स्वयं सहायता समूह से चंद्रपाल मौर्य, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, पंचायत सहायक, कोटेदार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
शिविर में कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री मौके पर ही पूर्ण कराई गई, जबकि जिनके दस्तावेज अधूरे थे उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देकर शीघ्र प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। साथ ही फैमिली आईडी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और बताया गया कि इससे परिवार आधारित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और सरकारी प्रक्रियाएं सरल होती हैं।
एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से किसानों का समग्र डेटा तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ मिल सके। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं, ताकि किसी भी योजना से वंचित न रहें।
