पूंछ। सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी के बावजूद किसानों से गेहूं खरीद की प्रक्रिया जारी है। कस्बा पूंछ स्थित गल्ला मंडी में संचालित आरएफसी केंद्र पर राशन विक्रेताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए खाली बारदाने से किसानों का गेहूं तौला जा रहा है।
आरएफसी केंद्र प्रभारी युवराज यादव ने बताया कि क्षेत्रीय राशन विक्रेताओं द्वारा लगभग 2000 खाली बोरियां उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हीं बोरियों के माध्यम से किसानों से गेहूं खरीद की जा रही है, जिससे खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने बताया कि बारदाने की कमी के कारण कुछ दिक्कतें जरूर सामने आ रही हैं, लेकिन उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कार्य को सुचारु रूप से चलाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र पर आने वाले किसानों का गेहूं सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है।
किसानों का कहना है कि बारदाने की कमी के चलते कभी-कभी इंतजार करना पड़ता है, लेकिन खरीद प्रक्रिया जारी रहने से राहत मिल रही है। वहीं केंद्र प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही अतिरिक्त बारदाना उपलब्ध होने की संभावना है, जिससे खरीद प्रक्रिया और तेज की जाएगी।
सरकारी खरीद केंद्र पर प्रतिदिन किसानों की भीड़ पहुंच रही है और गेहूं तौल का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं तथा खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पूँछ से विकास अग्रवाल
