बेतवा नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
मोंठ = थाना क्षेत्र के खिरिया घाट स्थित बेतवा नदी में शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे नहाते समय 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
एरच थाना क्षेत्र के खलार गांव निवासी अमरपाल अहिरवार का पुत्र राज अहिरवार उम्र 15 साल अपने दोस्तों के साथ खिरिया घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम अवनीश तिवारी भी सीएचसी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
बताया गया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता अमरपाल अहिरवार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
