मोंठ सीएचसी में स्टाफ नर्सों को इमरजेंसी सेवाओं का प्रशिक्षण
मोंठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोंठ के सभागार में स्टाफ नर्सों के लिए इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर और त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में अधीक्षक डॉ. माता प्रसाद राजपूत तथा डॉ. शिवपूजन सिंह ने स्टाफ नर्सों को विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में इमरजेंसी की स्थिति सबसे महत्वपूर्ण होती है, जहां त्वरित निर्णय और सही उपचार से मरीज की जान बचाई जा सकती है। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
डॉ. राजपूत ने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन बहुमूल्य है और नर्स का कार्य केवल नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने नर्सों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ करें। वहीं, डॉ. शिवपूजन सिंह ने इमरजेंसी के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, प्राथमिक उपचार और मरीजों की देखभाल के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान मेडिकल अफसरों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने और टीमवर्क के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में संयम, तत्परता और सही जानकारी ही सबसे बड़ा हथियार होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित स्टाफ नर्सों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में सहायता मिलेगी। अंत में अधिकारियों ने सभी से अपेक्षा की कि वे सीखे गए ज्ञान को व्यवहार में लाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।
