Home » Uncategorized » पूंछ बाजार में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

पूंछ बाजार में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

पूंछ बाजार में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक
पूंछ। शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को मिशन शक्ति टीम ने कस्बा पूंछ के मुख्य बाजार क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बाजार पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। इसमें विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएं तथा बाल मजदूरी रोकथाम से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रमुख रूप से दी गई। टीम ने कहा कि महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इसमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 112 पुलिस आपातकालीन सेवा शामिल हैं। टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
साथ ही लोगों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। टीम ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, बैंक खाते से जुड़ी धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने तथा अनचाहे लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर दें।
अभियान के अंत में महिलाओं व बालिकाओं को पंपलेट वितरित किए गए।

35 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *