खेत में बबूल के पेड़ से लटका मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, परिवार में मचा कोहराम।
मोंठ= थाना मोंठ क्षेत्र के ग्राम बुढ़ावली में बुधवार देर शाम 55 वर्षीय व्यक्ति ने खेतों में बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुढ़ावली निवासी 55 वर्षीय राजू अहिरवार बुधवार दोपहर घर से निकले थे। गांव के बाहर खेतों में उनका शव बबूल के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
सूचना पर थाना मोंठ पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
प्रभारी निरीक्षक राजेश पाल सिंह का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
