मोंठ कस्बे में महामृत्युंजय जाप व रुद्राभिषेक, तीसरे दिन भी बनाए गए शिवलिंग।
मोंठ= कस्बे में भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्ति एवं जनकल्याण की भावना से आयोजित पांच दिवसीय महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपरा के साथ चल रहा है।कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान शिव का जल, दुग्ध और पंचामृत से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया।
धार्मिक अनुष्ठान आचार्य ऋषभ उपाध्याय, ब्रजेश शास्त्री, हर्ष महाराज, हर्ष मणि शास्त्री एवं हरे राम शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कराया। पूरे आयोजन स्थल पर “ॐ त्र्यम्बकं यजामहे” मंत्र की गूंज से वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए।
आचार्यों ने बताया कि महामृत्युंजय जाप का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। यह जाप शारीरिक एवं मानसिक कष्टों को दूर करने, आयु वृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, शांति और सद्भावना को बल मिलता है तथा लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। आयोजन में देवेंद्र गोसाई, प्रमोद तिवारी, धर्मेंद्र वर्मा पार्षद, सौरभ गिरी,नीलेश दोहरे, पवन मिश्रा, अंकित पाठक, राजा पाठक, मनु पाठक,सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं धार्मिक कार्यक्रम के तीसरे दिन विशेष आकर्षण के रूप में श्रद्धालुओं द्वारा शिवलिंग निर्माण किया गया। श्रद्धालुओं ने मिट्टी एवं पूजन सामग्री से शिवलिंग बनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरे कस्बे में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।
