झांसी, 26 मई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों की शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में जनसंवाद डेस्क की शुरुआत की। इस पहल के तहत अब शिकायतकर्ता अपनी शिकायतों पर की गई कार्रवाई का फीडबैक भी प्राप्त कर सकेंगे।
कलेक्ट्रेट में बनाए गए पांच जनसंवाद डेस्क पर जनतादर्शन के दौरान आने वाली सभी शिकायतों की जांच की जाएगी। यहां यह भी देखा जाएगा कि शिकायतकर्ता पहली बार आया है या पहले भी उसी शिकायत को लेकर आ चुका है। यदि कोई व्यक्ति दूसरी या तीसरी बार आता है, तो पूर्व में की गई कार्रवाई की जानकारी के साथ उसे प्रभारी अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जनतादर्शन में प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारी की मार्किंग के बाद आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर समय से निस्तारण के लिए भेजा जाएगा। निस्तारण के बाद डेस्क पर तैनात कर्मचारी शिकायतकर्ता से मोबाइल के माध्यम से फीडबैक लेंगे। इसके लिए राजस्व, विकास, खाद्य एवं रसद, विद्युत और अन्य विभागों के अलग-अलग रजिस्टर बनाए गए हैं।
फीडबैक के दौरान यह भी जाना जाएगा कि शिकायत के निस्तारण में किस अधिकारी या कर्मचारी ने संपर्क किया, क्या स्थलीय निरीक्षण हुआ और क्या शिकायतकर्ता को जनसंवाद दिवस में बुलाया गया था या फोन पर ही समस्या का समाधान किया गया।
यदि किसी शिकायत पर असंतोषजनक फीडबैक मिलता है, तो संबंधित प्रार्थनापत्र को पुनः प्रभारी अधिकारी के माध्यम से निस्तारणकर्ता अधिकारी को भेजा जाएगा। ऐसे मामलों में गुणवत्तापरक निस्तारण कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, एडीएम आकाश रंजन, नाजिर सदर प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
