मोंठ नगर पंचायत में नामित तीन पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न।
मोंठ = नगर पंचायत मोंठ में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा नामित तीन पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नामित पार्षद राहुल पाठक, सौरभ गिरी एवं डॉ. अवधेश आर्या को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम अवनीश तिवारी ने सभी नामित पार्षदों को उनके दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास में नामित पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास में सक्रिय सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है।
नवनामित पार्षदों ने शपथ लेने के बाद नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और नगर की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेंद्र गोसाई, डॉ सुनील तिवारी, राजीव द्विवेदी, प्रमोद तिवारी, पार्षद धर्मेंद्र वर्मा, दयाल गिरी, अनिल सोनी, साबिर खान, आकाश कुमार, बबलू खरे, रामदास, नीलेश कुमार, विनायक श्रीवास्तव, सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
