प्रीपेड मीटर से उपभोक्ता परेशान, व्यापार मंडल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
मोंठ = नगर में लगाए गए प्रीपेड बिजली मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नगर मोंठ के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी मोंठ को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए नए प्रीपेड मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं की शिकायत है कि पूरा बिल जमा होने के बाद भी अचानक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इसके अलावा बिजली कटने से पहले किसी प्रकार का अलर्ट संदेश भी प्राप्त नहीं होता, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि जब उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिल पाता। कई मामलों में अधिकारियों द्वारा खाते में बैलेंस न होने का हवाला देकर समस्या को टाल दिया जाता है।
व्यापार मंडल ने उपजिलाधिकारी से मांग की कि प्रीपेड मीटरों से संबंधित तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को उपभोक्ताओं से संवाद स्थापित कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए जाएं।
ज्ञापन देने वालों में अमित अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल, कल्लू चौरसिया, सौरभ सोनी, पराग रावत, मनीष शर्मा सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
