ओवरटेक के चक्कर में हाईवे पर पलटा ट्रक, चालक-परिचालक घायल।
मोंठ (झांसी)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अटरिया हाईवे मार्ग पर रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस व पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से बिहार की ओर जा रहा ट्रक झांसी से उरई की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान ग्राम अटरिया के पास ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक सलमान खान (34) पुत्र सब्बू खान निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी, शिवपुरी तथा परिचालक पंकज (28) पुत्र राकेश निवासी इंदिरा नगर कॉलोनी, शिवपुरी घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस के ईएमटी अंकित कुमार ने एंबुलेंस में ही दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि ट्रक में चूना-कलई लदी हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
