अमरा के पास सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
मोंठ = थाना मोंठ क्षेत्र के ग्राम अमरा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
बताया गया है कि थाना मोंठ अंतर्गत ग्राम लुधियाई निवासी ध्रुव चतुर्वेदी 21 साल अपनी कार से गांव से मोंठ की ओर आ रहा था।इसी दौरान ग्राम अमरा के पास ट्रैक्टर से टकरा गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ध्रुव चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा घायल युवक को मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों व पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उधर, मृतक के परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा कल्लू जब अस्पताल पहुंचे और भतीजे की मौत की जानकारी मिली तो वह अचेत होकर गिर पड़े। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार किया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।घटना को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
