एसडीएम अवनीश तिवारी ने गेहूं खरीद केंद्रों का किया निरीक्षण।
मोंठ = एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने बुधवार को मोंठ गल्ला मंडी स्थित गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया, तौल व्यवस्था तथा किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
एसडीएम ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही गेहूं की खरीद की जाए तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
अवनीश तिवारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे साफ-सुथरा और निर्धारित मानकों के अनुरूप गेहूं लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
