मोंठ में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, 15 जुलाई तक चलेगा अभियान।
मोंठ =”एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” के संकल्प के साथ बुधवार को मोंठ क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी मोंठ वेद प्रकाश के नेतृत्व में यह अभियान 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश ने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जाए तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाए। साथ ही विद्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाने और बच्चों के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर टोली बनाकर घर-घर संपर्क किया जाए और अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए, जिससे बच्चों का विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़े।
इस दौरान शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों ने रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली में “बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ” और “सब पढ़ें-सब बढ़ें” जैसे नारे लगाए गए।
अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को पुस्तकें एवं अन्य शैक्षिक सामग्री वितरित की जाएगी।
इस मौके पर शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
