कुम्हरार में श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म की लीला का वर्णन।
मोंठ= क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम कुम्हरार स्थित श्री हनुमान जी मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान आज कथा व्यास श्याम जी भैया ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा व्यास ने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनाते हुए कंस के अत्याचारों, देवकी-वसुदेव की पीड़ा और कारागार में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का विस्तार से वर्णन किया। साथ ही वसुदेव द्वारा नवजात कृष्ण को यमुना पार कर गोकुल पहुंचाने की लीला भी सुनाई।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या कथा स्थल पर मौजूद रही। भजन-कीर्तन और श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया।
आयोजकों ने बताया कि कथा का आयोजन 4 अप्रैल तक जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का लाभ लेने की अपील की।
