शीतला धाम में रुक्मिणी विवाह की कथा का वर्णन।
मोंठ: निकटवर्ती ऐतिहासिक धार्मिक स्थल धवार स्थित माता शीतला धाम मंदिर परिसर में आयोजित 111 श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन रुक्मिणी विवाह की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई गई।
कथा व्यास रवि महाराज ने रुक्मिणी विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी का विवाह प्रेम, समर्पण और धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने रुक्मिणी का हरण कर अधर्म और अहंकार का अंत किया तथा भक्त और भगवान के अटूट संबंध का संदेश दिया। कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए और पूरा परिसर “राधे-कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार, सीओ मोंठ अजय श्रोतिय तथा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश शर्मा ने श्रीमद्भागवत पुराण की आरती कर श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से सहभागिता की। कथा परीक्षित रामकुमारी संतराम द्वारा विधि-विधान से आरती की गई। वहीं यज्ञ के क्रम में करुणा राघवेंद्र सिंह तोमर ने यज्ञ भगवान एवं हवन कुंड की पूजा-अर्चना कराई, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
संयोजक महंत विकास गिरी खड़ेश्वरी महाराज ने बताया कि शतचंडी महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः वेदियों का पूजन तथा सायंकाल 4 बजे से 7 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल पर लगे मेले में दूर-दराज से आए दुकानदारों ने दुकानें सजाईं, जहां श्रद्धालुओं ने खरीदारी कर मेले का आनंद लिया। एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार ने पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस अवसर पर राजेंद्र नायक, परेश चचोधिया, अशोक श्रीवास्तव, मुन्ना समाधिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र पुजारी ने किया।
