Home » Uncategorized » दिव्यांग बनाकर परीक्षा दिलाने वाला गिरोह बेनकाब, जूनियर क्लर्क भर्ती में सॉल्वर बैठाने का खुलासा, नौ गिरफ्तार

दिव्यांग बनाकर परीक्षा दिलाने वाला गिरोह बेनकाब, जूनियर क्लर्क भर्ती में सॉल्वर बैठाने का खुलासा, नौ गिरफ्तार

दिव्यांग बनाकर परीक्षा दिलाने वाला गिरोह बेनकाब, जूनियर क्लर्क भर्ती में सॉल्वर बैठाने का खुलासा, नौ गिरफ्तार
लखनऊ। जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एसटीएफ ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के नाम पर सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें आठ आरोपी लखनऊ के विकास नगर से और एक गोरखपुर से पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार सीबीएसई द्वारा आयोजित जूनियर सचिवालय सहायक (जूनियर क्लर्क) भर्ती परीक्षा 22 से 25 मार्च के बीच आयोजित हुई थी। इसी दौरान एसटीएफ को सूचना मिली कि कुछ लोग अभ्यर्थियों को दिव्यांग दिखाकर उनकी जगह सॉल्वर बैठा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने विकास नगर स्थित एक परीक्षा केंद्र से आठ आरोपियों को दबोच लिया, जबकि एक अन्य आरोपी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें दिव्यांग श्रेणी में आवेदन कराने की व्यवस्था करता था। इसके बाद फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराए जाते और परीक्षा केंद्र पर सॉल्वर को बैठाकर प्रश्नपत्र हल कराया जाता था।
एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, करीब 2.70 लाख रुपये नकद, एक कार और छह फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। गिरोह अभ्यर्थियों से 10 से 15 लाख रुपये तक की डील करता था और परीक्षा पास कराने की जिम्मेदारी लेता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इस तरह की साजिश को अंजाम दे चुका है। एसटीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित अभ्यर्थियों की पहचान में जुटी है।
मामले में सरकारी विभागों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र कहां से बने और इसमें किन लोगों की भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क की परतें खोलने के लिए पूछताछ जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

109 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *