रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, अराजक तत्वों पर रखी जाएगी पैनी नजर।
मोंठ: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोंठ अजय श्रोतिय ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
सीओ अजय श्रोतिय ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीओ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाएं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलने से पहले ही कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
