Home » Uncategorized » बुंदेलखंड के झांसी के पूंछ में पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म, किसानों व व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी

बुंदेलखंड के झांसी के पूंछ में पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म, किसानों व व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी

पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म, किसानों व व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी

पूंछ: कस्बा पूंछ क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों पर पिछले करीब एक सप्ताह से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता न होने से किसानों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भी दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार कस्बा पूंछ स्थित मारुति नंदन पेट्रोल पंप और एरच रोड ग्राम सराय में स्थित पेट्रोल पंप पर कई दिनों से ईंधन खत्म है। दोनों पंपों पर पेट्रोल व डीजल न मिलने से क्षेत्रीय लोग खासे परेशान हैं। सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है, क्योंकि इस समय खेतों में फसल कटाई व मड़ाई का कार्य चल रहा है, जिसमें डीजल की अत्यधिक आवश्यकता होती है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि डीजल न मिलने के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है। मजबूरी में उन्हें करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अन्य पेट्रोल पंपों से डीजल लाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। वहीं व्यापारियों को भी अपने वाहनों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम निवासी यगेश कुमार और रामकुमार ने बताया कि फसल कटाई और मड़ाई का कार्य चल रहा है, लेकिन डीजल के अभाव में कार्य बाधित हो रहा है। यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी झांसी सौम्या अग्रवाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं मारुति नंदन पेट्रोल पंप के मुनीम राजेश गुप्ता ने बताया कि झांसी से डीजल व पेट्रोल के टैंकर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे पंपों पर ईंधन समाप्त हो गया है। उन्होंने जल्द आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई है।

4 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *