श्मशान घाट मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत शुरू, पार्षद के प्रयास से मिला समाधान
मोठ। कस्बा मोठ के मोहल्ला अशोक नगर में श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी थी। हर घर नल जल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को काफी समय पहले खोदा गया था, लेकिन मरम्मत न होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क खराब होने से कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके थे।
मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर पार्षद नीलेश कुमार ने संबंधित ठेकेदार से संपर्क किया और समस्या को गंभीरता से उठाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क ठीक होने से श्मशान घाट तक आवागमन सुगम हो जाएगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
