Home » Uncategorized » सुखनई नदी किनारे गंगा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, स्वच्छता का लिया संकल्प

सुखनई नदी किनारे गंगा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, स्वच्छता का लिया संकल्प

झांसी, 22 मार्च 2026।
जनपद में नमामि गंगे के तहत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ सुखनई नदी स्थित जलविहार घाट पर विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जागरूकता रैली, चित्रकला प्रतियोगिता और शपथ कार्यक्रम के साथ हुई।

जिला गंगा समिति, सामाजिक वानिकी प्रभाग और जिला पर्यावरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों और आमजन ने नदी किनारे साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर की अध्यक्ष शशि श्रीवास ने कहा कि नदियां मानव जीवन के लिए प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य नदियों को प्लास्टिक मुक्त बनाना और जैव विविधता का संरक्षण करना है। उन्होंने लोगों से पॉलीथिन के उपयोग को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।

जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) आयुष रविंद्र भारती ने कहा कि नदियां तेजी से प्रदूषित हो रही हैं, जिन्हें बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। स्वच्छता केवल सफाई नहीं, बल्कि स्वस्थ और खुशहाल जीवन की नींव है। स्वच्छ वातावरण हमें बीमारियों से बचाने के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करता है।

अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार ने सुझाव दिया कि नदियों में गंदे नालों का पानी जाने से रोकने के लिए फिल्टर प्लांट लगाए जाएं। साथ ही नदी किनारे डस्टबिन की व्यवस्था कर कचरे का सही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान “स्वच्छ नदियां, स्वस्थ जीवन” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंत में सभी उपस्थित लोगों को नदियों में कूड़ा न डालने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी कृष्णाकुमार द्विवेदी, वन विभाग का स्टाफ, नगरपालिका कर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

7 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *