मोंठ नगर पंचायत में जनगणना के लिए सीएमएमएस पोर्टल पर ब्लॉकों का गठन।
मोंठ : नगर पंचायत कार्यालय मोंठ में मंगलवार को जनगणना कार्यों के तहत महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई। जनगणना निदेशालय, लखनऊ से आए अधिकारियों ने सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल पर ब्लॉकों का गठन किया, जिससे आगामी जनगणना कार्यों को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित किया जा सके।
इस दौरान सहायक निदेशक मनोज कुमार मौर्य एवं सांख्यिकी अन्वेषक पूजा पाल ने तकनीकी प्रक्रिया को पूरा करते हुए पोर्टल पर संबंधित क्षेत्रों के ब्लॉकों का गठन किया। अधिकारियों ने बताया कि ब्लॉक गठन जनगणना की एक अहम कड़ी है, जिसके माध्यम से क्षेत्रवार डेटा संकलन आसान होगा और गणना कार्य में सटीकता आएगी।
उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को पोर्टल के उपयोग, डाटा एंट्री और सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि जनगणना का कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।
इस मौके पर नगर पंचायत के लिपिक राजीव यादव और ऑपरेटर आयुष त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया और पोर्टल संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना कार्य अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगा। इससे न केवल डेटा संग्रहण में तेजी आएगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में भी सटीक आंकड़ों का लाभ मिलेगा।
