कृषि कार्यालय मोंठ में मनाया गया पीएम किसान उत्सव दिवस।
मोंठ: कृषि कार्यालय मोंठ कार्यालय में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता सुरजीत लोधी ने की।
इस अवसर पर उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। किसानों को योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता, ई-केवाईसी, भूमि अभिलेख सत्यापन तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, खाद एवं कृषि तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे समय-समय पर अपनी ई-केवाईसी और बैंक विवरण अपडेट कराते रहें, ताकि योजना का लाभ उन्हें समय पर मिलता रहे।
अध्यक्षता कर रहे किसान नेता सुरजीत लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही है। इससे किसानों को खेती के कार्यों में आर्थिक सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कृषि अधिकारियों से विभिन्न समस्याओं को भी साझा किया, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर किसान सहकारी समिति मोंठ के अध्यक्ष राजाराम अहिरवार,नारायण दास कश्यप, गौरव स्वर्णकार, राजबीर यादव, सचिन कुमार, राकेश साहू, शिवराम राजपूत, पवन तिवारी, रामजी, दयाल सिंह, हेमंत कुमार, सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
