ओटीपी प्रक्रिया से गैस वितरण, उपभोक्ताओं को करना होगा टोल फ्री नंबर पर बुकिंग।
मोंठ : नगर स्थित सोनम इंडेन गैस एजेंसी के संचालक जगमोहन सिंह चौहान ने उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने की नई प्रक्रिया की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इंडेन गैस कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता के लिए 8454955555 टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर उपभोक्ताओं को अपने रजिस्ट्रेटर्ड मोबाइल नंबर से गैस सिलेंडर की बुकिंग करानी होगी।
जगमोहन सिंह चौहान ने बताया कि बुकिंग कराने के बाद उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) भेजा जाता है। इसके बाद उपभोक्ता को गैस एजेंसी पर पहुंचकर यह ओटीपी डीलर को बताना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ही उपभोक्ता को गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करना और वास्तविक उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। साथ ही इससे अनियमितताओं पर भी रोक लगेगी। एजेंसी संचालक ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने रजिस्ट्रेटर्ड मोबाइल नंबर से ही बुकिंग करें और प्राप्त ओटीपी को सुरक्षित रखें, ताकि गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
